November 24, 2026

बस्तर के क्रिएटर्स को मिला मंच, कैंसर जागरूकता पर हुई विशेष चर्चा

जगदलपुर। कैंसर का नाम सुनते ही आज भी लोगों के मन में डर और कई तरह की भ्रांतियां पैदा हो जाती हैं। जानकारी के अभाव में कई लोग शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं, तो कुछ लोग जांच और उपचार को लेकर आशंकित रहते हैं। इसी विषय पर आम लोगों को जागरूक करने और कैंसर से जुड़ी सही जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पॉडकास्ट होस्ट राहुल कुमार पाण्डेय ने वरिष्ठ कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. भंवर लाल शर्मा से विशेष बातचीत की। बस्तर क्रिएटर हब के स्टूडियो में रिकॉर्ड की गई यह बातचीत जल्द ही डिजिटल माध्यमों पर प्रकाशित की जाएगी।

इस संवाद में कैंसर के शुरुआती लक्षण, समय पर जांच का महत्व, महिलाओं में स्तन कैंसर एवं बच्चेदानी के मुंह के कैंसर, मैमोग्राफी, पैप स्मीयर और सेल्फ ब्रेस्ट एग्जामिनेशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही बायोप्सी कराने से कैंसर फैलने की भ्रांति, कीमोथेरेपी के प्रभाव, आधुनिक उपचार पद्धतियों जैसे इम्यूनोथेरेपी, टारगेटेड थेरेपी और रेडिएशन उपचार के बारे में भी सरल भाषा में जानकारी ली गई।

बस्तर के संदर्भ में चर्चा करते हुए महारानी अस्पताल स्थित दीर्घायु कैंसर वार्ड, कैंसर ओपीडी, कीमोथेरेपी की सुविधाओं तथा जरूरत पड़ने पर मरीजों को बड़े चिकित्सा केंद्रों में रेफर करने की परिस्थितियों पर भी सवाल किए गए। इसके अलावा गुड़ाखू, खैनी, गुटखा और तंबाकू के सेवन से होने वाले नुकसान, कैंसर से बचाव के उपाय, इलाज का आर्थिक बोझ और जरूरतमंद मरीजों के लिए सरकारी सहायता जैसे विषयों को भी शामिल किया गया। राहुल कुमार पाण्डेय ने कहा कि डॉ. भंवर लाल शर्मा जैसे अनुभवी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन आम लोगों तक पहुंचना आवश्यक है। उन्होंने डॉक्टर साहब के अनुभव, सहज संवाद और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषय पर उपयोगी जानकारी साझा करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर राहुल कुमार पाण्डेय ने डॉ. शर्मा को अपनी पुस्तक ‘रुकना सीखिए’ भी भेंट की। साहित्यग्राम प्रकाशन, बिलासपुर से प्रकाशित इस पुस्तक में जीवन की परिस्थितियों में प्रतिक्रिया देने से पहले ठहरने, गुस्से पर नियंत्रण रखने, सोच-समझकर शब्दों का चयन करने और रिश्तों को बेहतर ढंग से समझने का संदेश दिया गया है।

पॉडकास्ट की रिकॉर्डिंग के लिए उपलब्ध कराए गए बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो को लेकर राहुल कुमार पाण्डेय ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बस्तर के स्थानीय कंटेंट क्रिएटर्स और युवाओं को आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऐसा मंच उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने, गुणवत्तापूर्ण डिजिटल सामग्री तैयार करने और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक संवाद करने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *