जगदलपुर/बस्तर न्यूज
शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जाने वाले पदयात्रियों की सेवा के उद्देश्य से बस्तर जिला आंध्र समाज द्वारा जिया डेरा में पदयात्री सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। बस्तर जिला आंध्र समाज द्वारा संचालित इस सेवा केंद्र का शुभारंभ नवरात्रि के प्रथम दिन बस्तर रियासत के महाराजा कमलचंद भंजदेव ने विधिवत पूजा-अर्चना कर किया। शारदीय नवरात्रि के दौरान जगदलपुर सहित बस्तर संभाग और दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए पदयात्रा करते हुए दंतेवाड़ा पहुंचते हैं। आस्था और श्रद्धा से परिपूर्ण इस यात्रा में पदयात्रियों को रास्ते में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों, समाजों और सेवाभावी संस्थाओं द्वारा जगह-जगह सेवा केंद्र स्थापित किए जाते हैं। इन केंद्रों के माध्यम से श्रद्धालुओं को सहयोग प्रदान कर उनकी यात्रा को सुगम बनाने का प्रयास किया जाता है।

इसी सेवा परंपरा के तहत जिया डेरा में बस्तर जिला आंध्र समाज ने जेएमडी मसाला उद्योग के सहयोग से सेवा केंद्र का प्रति वर्ष संचालन किया जाता है। नवरात्रि के पहले दिन आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में महाराजा कमलचंद भंजदेव ने पंडित गिरीश शर्मा के सान्निध्य में पूजा-अर्चना कर केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान बस्तर जिला आंध्र समाज के अध्यक्ष जयंत नायडू सहित पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। वहीं, जेएमडी मसाला की ओर से नरेश खत्री एवं उनके परिवारजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
उल्लेखनीय है कि मां दंतेश्वरी के प्रति श्रद्धा और सामाजिक सेवा की भावना और जिला प्रशासन की प्रेरणा से शुरू की गई यह पहल पदयात्रियों की सहायता के साथ-साथ समाज में सेवा, सहयोग और सामूहिक सहभागिता की परंपरा को भी मजबूत करती है। नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए से लेकर दंतेवाड़ा तक ऐसे सेवा केंद्र पदयात्रा मार्ग पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
