जगदलपुर/बस्तर न्यूज
इंटरनेशनल गोसुकू रियो कराते-डो एसोसिएशन जगदलपुर द्वारा 25 एवं 26 नवंबर 2026 को स्थानीय प्रशिक्षण स्थल में दो दिवसीय कराते बेल्ट परीक्षा का आयोजन किया गया। प्रशिक्षक अब्दुल मोईन के मार्गदर्शन में आयोजित इस परीक्षा में नगर के कुल 65 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दो दिवसीय बेल्ट परीक्षा के दौरान खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता, तकनीकी दक्षता एवं अनुशासन का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। परीक्षा में किक, पंच, काता, काता बोनकाई एवं कुमिते (फाइट) जैसी विभिन्न कराते विधाओं का परीक्षण लिया गया। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह एवं खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और अपने-अपने स्तर एवं रैंक के अनुसार बेल्ट परीक्षा उत्तीर्ण की।

सम्मान समारोह में महिला महाविद्यालय की प्रोफेसर श्रीमती प्रियंका शुक्ला, श्रीमती महिमा राय, प्रशिक्षक भुवनेश्वर ठाकुर एवं यशवंत पांडेय, करण पटवा, प्रशांत सर्दुल, एलेक्स कुमार, सुश्री सोनाली कुशवाहा के करकमलों से सफल प्रतिभागियों को बेल्ट एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सभी सफल खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि कराते केवल आत्मरक्षा की कला ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन, संयम एवं शारीरिक दक्षता विकसित करने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर अभ्यास एवं खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
