September 28, 2026

मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा, आर्थिक मदद देने की घोषणा की

जगदलपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र के डोंगाघाट पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से भेंटकर उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करने आश्वस्त किया। वहीं हरेक प्रभावित परिवार को शासन की सहायता के साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष से दस-दस हजार रुपए की मदद देने की घोषणा की। उन्होंने बाढ़ से उत्पन्न स्थिति, प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा प्रशासन द्वारा संचालित राहत कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों को उक्त दिशा में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित सुनील पिता दशरथी और कुशल पिता दशरथी से उनके परिवारों से चर्चा करते हुए कहा शासन-प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही अन्य बाढ़ प्रभावित परिवारों से भेंटकर उन्हें मदद देने भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक आवश्यक राहत सामग्री समय पर पहुंचाई जाए और किसी भी परिवार को परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

मुख्यमंत्री ने इंद्रावती पुल पहुंचकर नदी के जलस्तर एवं आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी अवलोकन किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से बस्तर जिले में बाढ़ की स्थिति, प्रभावित क्षेत्रों तथा राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को खाद्य सामग्री, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रभावित परिवारों तक प्राथमिकता के साथ पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने तथा आवश्यकता के अनुसार राहत दलों को तत्काल सक्रिय करने के लिए कहा। विशेष तौर पर बाढ़ का पानी कम होने के बाद शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने और जल जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए सकारात्मक प्रयास किए जाने के निर्देश दिए। वहीं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संवेदनशीलता के साथ मकान, फसल, पशुधन क्षति का सर्वे कर आंकलन किए जाने सहित संबंधित परिवारों को सहायता सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विषम परिस्थितियों में शासन-प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करते हुए राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार संचालित किए जा रहे हैं। प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का आकलन कर उन्हें भोजन, स्वास्थ्य सुविधा और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा स्थिति पर निरंतर नजर रखते हुए आवश्यकता के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *