दंतेवाड़ा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड दंतेवाड़ा में विकासखंड स्तरीय चित्रकला प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय हाई स्कूल आंवराभाटा में उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा एवं अभिव्यक्ति क्षमता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, नगर पालिका अध्यक्ष एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधि सहित जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर, खंड शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार गुप्ता एवं खंड स्त्रोत समन्वयक जितेंद्र कुमार शर्मा उपस्थित रहे।
विद्यालय स्तर पर 19 सितंबर को आयोजित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता के अगले चरण के रूप में आयोजित इस विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में 29 संकुलों से चयनित विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। चित्रकला प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विभिन्न सामाजिक एवं समसामयिक विषयों को अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रस्तुत किया, वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से व्यक्त किया।
सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व, जनभागीदारी एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना है। अभियान के अंतर्गत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा सहित विभिन्न विषयों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। कार्यक्रम में अतिथियों एवं अधिकारियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और सामाजिक चेतना का विकास करती हैं।
