दंतेवाड़ा/बस्तर न्यूज
वाहनों में लगी ब्लैक फिल्म/काली फिल्म के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली एवं यातायात पुलिस द्वारा जिले में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस एवं यातायात की संयुक्त टीम द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की गई। इस दौरान करीब 50 वाहनों से ब्लैक फिल्म मौके पर ही निकलवाई गई। साथ ही, कुछ वाहन चालकों को ब्लैक फिल्म के संबंध में नियमों की जानकारी देते हुए अपने वाहनों से ब्लैक फिल्म तत्काल हटाने हेतु समझाइश दी गई।
पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों में लगी ब्लैक फिल्म को स्वेच्छा से तत्काल हटवा लें। वर्तमान में पुलिस द्वारा वाहन चालकों को समझाइश देकर नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। आगामी दिनों में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। वाहन चालकों से अपील है कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कांच का उपयोग करें, ताकि सड़क सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सहयोग रखें
इस संयुक्त अभियान में थाना सिटी कोतवाली से थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा, एएसआई भारती, बरगे, झनेन्द्र, पीएसआई अंकित सोनी, अश्वनी सिंह, यातायात शाखा प्रभारी मुकेश ताती, सहायक उप निरीक्षक जितेंद्र त्रिपाठी, आरक्षक आदित्य, बारला, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र तथा आरक्षक भूपेंद्र, भील, दुलाराम, जलदेव सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



