October 28, 2026

बस्तर ओलिंपिक के जन जागरूकता अभियान के तहत खेलो में जनप्रतिनिधियों व अफसरों ने दिखाया दमखम

जगदलपुर। खेल से बढ़ेगा बस्तर का भविष्य और नया बस्तर, नया संकल्प, खेल के संग के जोशीले संदेश के साथ आज इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम खेल भावना और असीम उत्साह नजर आया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला प्रशासन बस्तर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस एक दिवसीय जन-जागरूकता अभियान में स्थानीय युवाओं, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और खेल प्रेमियों ने हिस्सा लिया। सुबह 7 बजे से शुरू हुए इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य बस्तर ओलंपिक 2026 में जिले और ब्लॉक स्तर से शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करना तथा अधिक से अधिक प्रतिभाओं को मंच तक पहुंचाना रहा। स्टेडियम में आयोजित इस अभियान के दौरान मैदान पर उस वक्त उत्साह चरम पर पहुंच गया, जब विभिन्न खेलों के जीवंत प्रदर्शन के बीच जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें रस्साकशी के रोमांचक मुकाबले में आमने-सामने उतरीं। एक ओर जहां महापौर और सभापति के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों ने पूरा जोर लगाया, वहीं दूसरी ओर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की अगुवाई में प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने भी अपने जबरदस्त दम-खम का परिचय दिया। इसके साथ ही फुटबॉल मैदान पर जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना ने बेहतरीन खेल कौशल और फुर्ती दिखाते हुए दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। मैदान पर हुए इन मुकाबलों ने उपस्थित युवाओं और दर्शकों में नई ऊर्जा का संचार कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *