October 4, 2026

बस्तर फाइटर्स के नव आरक्षकों ने शहर में चलाया सघन सफाई अभियान

जगदलपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘स्वच्छता पखवाड़ा 2026’ के तहत जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र में जन-जागरूकता और सेवा भाव की अनूठी मिसाल देखने को मिली, जहां बस्तर फाइटर्स के 600 नव आरक्षकों ने वृहद स्तर पर सफाई अभियान चलाकर नगरवासियों को स्वच्छता का मजबूत संदेश दिया।

इस मौके पर अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में बस्तर सांसद ने समस्त अधिकारियों, जवानों और नागरिकों को स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण के प्रति सदैव सजग रहने तथा इसे जन-आंदोलन बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने की शपथ दिलाई। हरित और स्वस्थ पर्यावरण के संकल्प को सुदृढ़ करते हुए सांसद महेश कश्यप तथा सेनानी एमआर मंडावी ने कैंप परिसर में पौधरोपण भी किया।

​शुभारंभ समारोह के उपरांत सांसद की अगुवाई में बस्तर फाइटर्स के 600 नव आरक्षकों ने पुलिस अधिकारियों तथा कर्मचारियों के साथ मिलकर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में सघन सफाई अभियान चलाया। इन जवानों ने नया बस स्टैंड, ऐतिहासिक दलपत सागर, सिरहासार चौक और गंगामुण्डा जैसे व्यस्त व सार्वजनिक क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर फैले कूड़े-कचरे को साफ कर पूरे इलाके की तस्वीर बदल दी। जवानों के इस श्रमदान ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को भी अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने के लिए गहराई से प्रेरित किया। इस पूरे आयोजन के दौरान बस्तर फाइटर्स बटालियन के जवानों के साथ ही इकाई के समस्त अधिकारी व कर्मचारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *