जगदलपुर/बस्तर न्यूज
ग्राम कोहकापाल, थाना नगरनार, जिला बस्तर में एक किशोर बालक को कुछ व्यक्तियों द्वारा गलत तरीके से रोक कर रखने तथा तंत्र-मंत्र से संबंधित गतिविधि किए जाने की घटना के संबंध में पुलिस द्वारा विगत दो दिनों से लगातार जांच एवं पूछताछ की जा रही है।
प्रकरण में पुलिस द्वारा पीड़ित/प्रार्थी, संबंधित व्यक्तियों एवं अन्य संभावित गवाहों से विस्तृत पूछताछ की गई। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि संबंधित व्यक्तियों द्वारा सोने का हंडा प्राप्त होने की अंधविश्वासपूर्ण धारणा के चलते किशोर बालक के साथ तंत्र-मंत्र संबंधी गतिविधि की गई थी। पुलिस जांच में अब तक ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया है, जिससे यह प्रमाणित हो कि किशोर की नरबली देने का प्रयास किया गया था अथवा नरबली की कोई योजना थी। सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से प्रसारित हो रही नरबली संबंधी बातें जांच में पुष्ट नहीं हुई हैं।
घटना को पुलिस द्वारा गंभीरता से लेते हुए थाना नगरनार में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। प्रकरण में BNS की धारा 127(2), 137(2), 351(2), 3(5) के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई है। प्रकरण में अब तक दो मुख्य आरोपी गोनसाय एवं लखीराम को हिरासत में लिया गया है तथा जिन्होने पूजा पाठ किया उनका नाम भी अपराध मे जोडा गया है । आरोपीयो से पूछताछ एवं अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा प्रकरण की विवेचना जारी है। जांच के दौरान यदि अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
पुलिस आमजन से अपील करती है कि घटना के संबंध में बिना सत्यापन के अफवाहों अथवा अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें और न ही उन्हें सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रसारित करें। पुलिस द्वारा मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
