October 1, 2026

डिजिटल स्किलिंग प्रोजेक्ट के तहत युवाओं को मिलेगा मुफ्त कंप्यूटर प्रशिक्षण

किरंदुल/बस्तर न्यूज

युवाओं को नई तकनीक सिखाने और उन्हें रोजगार से जोड़ने के एक बड़े प्रयास के तहत आज किरंदुल स्थित आदिवासी भवन में ‘दक्ष: एडवांस्ड डिजिटल स्किलिंग प्रोजेक्ट फॉर यूथ’ का गरिमामय उद्घाटन किया गया। यह महत्वाकांक्षी परियोजना एएम/एनएस इंडिया और आइसेक्ट इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में संचालित की जा रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के ग्रामीण और आदिवासी युवाओं को आधुनिक कंप्यूटर और डिजिटल तकनीक सिखाकर उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करना है। इस योजना के तहत स्थानीय युवाओं को डीसीए और पीजीडीसीए जैसे महत्वपूर्ण कंप्यूटर पाठ्यक्रमों का पूरी तरह से नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे युवा कंप्यूटर की अच्छी समझ हासिल कर अपना भविष्य संवार सकें और आत्मनिर्भर बन सकें। यह डिजिटल साक्षरता अभियान आने वाले समय में दंतेवाड़ा जिले के युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए द्वार खोलने में मील का पत्थर साबित होगा।

मुख्य अतिथि सर्व आदिवासी समाज अध्यक्ष सुरेश कर्मा ने युवाओं को इस सुनहरे अवसर का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अन्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत एएम/एनएस इंडिया और कौशल विकास क्षेत्र में आइसेक्ट इंडिया के इस साझा प्रयास को क्षेत्र के विकास के लिए सराहनीय कदम बताया और कहा कि बस्तर के दूरदराज इलाकों में इस तरह के तकनीकी प्रशिक्षण से युवाओं का भविष्य उज्ज्वल होगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य सोमारू कड़ती ने की। वहीं विशिष्ट अतिथियों में कोया कुटमा समाज के अध्यक्ष बल्लू भवानी, सर्वमूल बस्तरिया समाज के अध्यक्ष सत्य नारायण कर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष सुकालु मुदामी, और किरंदुल नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी शामिल हुए।

कार्यक्रम में एएम/एनएस इंडिया की ओर से जनरल मैनेजर वाई.वी. राघवुलु, कल्याण चक्रवर्ती, रामचंद्र, श्रीनिवास और डॉ. तेज प्रकाश, उपस्थित रहे। वहीं आइसेक्ट टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य प्रमुख अब्दुल मसीद, सुनील सिंह और अभिषेक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *