October 1, 2026

वृद्धजनो के अनुभव और आशीर्वाद से मिलती है नई पीढ़ी को दिशा : विधायक

दंतेवाड़ा। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला ग्रंथालय में जिला स्तरीय वृद्धजन सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों का जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा श्रीफल, शाल एवं फूलमाला भेंट कर सम्मान किया गया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच के साथ जरूरतमंद बुजुर्गों को सहायक उपकरण भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक चैतराम अटामी ने सभी वरिष्ठजनों को नमन करते हुए कहा कि इतने बुजुर्गों के एक साथ दर्शन और उनका आशीर्वाद प्राप्त होना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने मां दंतेश्वरी से प्रार्थना करते हुए कहा कि सभी पर बुजुर्गों की कृपा और आशीर्वाद सदैव बना रहे। माता-पिता अपने बच्चों के जन्म से लेकर उनके पालन-पोषण और संस्कार देने तक अपना पूरा जीवन समर्पित कर देते हैं। परिवार में बच्चों को जीवन की पहली सीख और संस्कार माता-पिता एवं बुजुर्गों से ही प्राप्त होते हैं। वही जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने कहा कि वृद्धजन हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। दंतेवाड़ा के विकास और निर्माण में वरिष्ठ नागरिकों ने अपना पूरा जीवन समर्पित किया है। विभिन्न विभागों में सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों तथा माताओं बहनों ने अपनी मेहनत, अनुभव और योगदान से जिले को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

स्वास्थ्य परीक्षण कर वरिष्ठ नागरिकों को दिए सहायक उपकरण

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार दवाइयां प्रदान की गईं। वहीं, जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को श्रवण यंत्र, छड़ी, वॉकर एवं व्हीलचेयर जैसे सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, सम्मान एवं सुविधाओं का विशेष ध्यान रखते हुए उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है।

समाज कल्याण विभाग के संतोष टोप्पो ने स्वागत उद्बोधन में सभी जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ नागरिकों का स्वागत करते हुए वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने माता-पिता की भूमिका एवं बच्चों के कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए वरिष्ठ नागरिकों को छायादार वट वृक्ष के समान बताया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ माता-पिताओं के आशीर्वाद की आवश्यकता जीवन में सदैव बनी रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *