बिलासपुर/बस्तर न्यूज
छत्तीसगढ़ राज्य के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है कि राज्य के 19 प्रतिभाशाली कराटे खिलाड़ी आगामी 22वीं ऑल इंडिया रेनबुकान कराटे चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए रवाना हो गए हैं। यह प्रतियोगिता 9 एवं 10 मई 2026 को देहरादून (उत्तराखंड) में आयोजित की जाएगी।
रेनबुकान कराटे के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष रमाकांत एस. मिश्र एवं महासचिव अखिलेश कुमार आदित्य ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि टीम के सभी खिलाड़ी पूरी मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण के साथ राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार हैं। इन युवा खिलाड़ियों में जोश, आत्मविश्वास और प्रतिबद्धता की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई देती है, जो निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित करेंगे।
टीम का नेतृत्व अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी पायल वर्मा कर रही हैं, जिन्हें टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है।
साथ ही, टीम मैनेजर के रूप में अनुभवी खिलाड़ी एवं मुख्य फिजिकल ऑफिसर कु. संध्या शर्मा अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ी तकनीकी रूप से अधिक सशक्त एवं आत्मविश्वासी बन रहे हैं। टीम कोच ने कहा कि टीम का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता में भाग लेना ही नहीं, बल्कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक अर्जित कर राज्य का गौरव बढ़ाना है। खिलाड़ियों ने कठोर प्रशिक्षण, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपनी तैयारी को मजबूत किया है। कोच पायल वर्मा के अनुभव और नेतृत्व से टीम को नई ऊर्जा, दिशा और आत्मविश्वास प्राप्त हुआ है।

