October 27, 2026

महाविद्यालय के छात्र को मिला वर्ष 2025 का सर्वश्रेष्ठ मनोविज्ञान विद्यार्थी पुरस्कार

दंतेवाड़ा। शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दंतेवाड़ा के बी.ए. तृतीय वर्ष के मेधावी छात्र रोहित कुमार हेमला को मनोविज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘साइकोलॉजिकल फोरम छत्तीसगढ़’ द्वारा ‘वर्ष 2025 का सर्वश्रेष्ठ मनोविज्ञान विद्यार्थी’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय सहित जिले का गौरव बढ़ा है। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के.एम. प्रसाद तथा मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष एवं बस्तर संभाग के फोरम प्रभारी डॉ. दिनेश कुमार लहरी, फोरम के अध्यक्ष डॉ. बसंत कुमार सोनबर एवं सचिव डॉ. एस. रूपेंद्र राव ने रोहित कुमार हेमला शुभकामना संदेश प्रेषित कर उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।

उल्लेखनीय है कि साइकोलॉजिकल फोरम छत्तीसगढ़ का प्रमुख उद्देश्य राज्य में मनोविज्ञान के अध्ययन एवं अनुसंधान को प्रोत्साहित करने के साथ ही मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। रोहित कुमार हेमला की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उनकी सफलता से महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *