दंतेवाड़ा। स्वच्छ भारत अभियान एवं सेवा संकल्प की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गीदम विकासखंड अतंर्गत एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, (कटेकल्याण) में विशेष रंगोली निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रांगण में विद्यार्थियों ने 34 फीट, कुल 289 वर्ग फीट क्षेत्र में अनाज, दालों, सब्जियों और प्राकृतिक पत्तियों से आकर्षक एवं पर्यावरण-अनुकूल रंगोली तैयार की।
रंगोली की विशेषता यह रही कि इसमें रासायनिक रंगों का उपयोग नहीं किया गया। पत्तागोभी, हरी मिर्च, हरी फलियां, टमाटर एवं आलू से झाड़ू, वृत्ताकार सीमा और पंखुडि़यों की आकृतियां बनाई गईं। वहीं धान, मसूर, चना, मक्का और उड़द से ‘सेवा-संकल्प क्लीन इंडिया कूड़ेदान तथा महात्मा गांधी के चश्मे की आकृति उकेरी गई। केले के पत्तों से रंगोली को प्राकृतिक हरित आधार प्रदान किया गया। रंगोली के माध्यम से स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं प्लास्टिक-मुक्त परिसर का संदेश दिया गया। विद्यालय के प्राचार्य ने विद्यार्थियों के नवाचार और परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता और सेवा को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा विद्यालय परिसर को प्लास्टिक-मुक्त रखने का सामूहिक संकल्प लिया।
