September 13, 2026

सेवा संकल्प अभियान के तहत 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत विषय पर होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिले में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ विषय पर विद्यालय, विकासखण्ड एवं जिला स्तर पर ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर ने बताया कि अभियान का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को विकसित भारत-2047 की परिकल्पना से जोड़ते हुए उनके सपनों, विचारों एवं आकांक्षाओं को अभिव्यक्ति का मंच प्रदान करना है। ‘सेवा’ के अंतर्गत स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, सेवा का संकल्प, नया कश्मीर एवं नक्सलवाद तथा ‘सपना’ के अंतर्गत सपनों का भारत, विकसित भारत-2047, नक्सल मुक्त भारत, महिला सशक्तिकरण एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रभाव जैसे विषयों पर विद्यार्थी अपनी कल्पनाएं प्रस्तुत करेंगे।

अभियान का शुभारंभ 17 सितम्बर को दीप प्रज्वलन के साथ होगा। इसमें पोटाकेबिन, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, सक्षम, आस्था, छू लो आसमान, डीएवी छात्रावास, प्रयास, एकलव्य आवासीय विद्यालय सहित अन्य शैक्षणिक संस्थाएं शामिल होंगी। 18 सितम्बर को विद्यालय स्तर पर ड्राइंग तथा 19 सितम्बर को ड्राइंग प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता होगी। प्रत्येक विद्यालय से एक-एक विद्यार्थी का चयन विकासखण्ड स्तर के लिए किया जाएगा। विकासखण्ड स्तर पर 28 सितम्बर को प्रतियोगिताएं होंगी, जिसमें लगभग 500 विद्यार्थियों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक विकासखण्ड से भाषण के पांच श्रेष्ठ प्रतिभागी एवं 20 उत्कृष्ट ड्राइंग जिला स्तर के लिए चयनित किए जाएंगे। जिला स्तर पर प्रतियोगिता 03 अक्टूबर को आयोजित होगी। बैठक में विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता, पारदर्शी चयन प्रक्रिया तथा फोटो वीडियो दस्तावेजीकरण के निर्देश दिए गए। सहायक परियोजना समन्वयक एवं नोडल अधिकारी राजेंद्र पाण्डेय ने कहा कि अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए पालकों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आयोजनों में आमंत्रित किया जाए, ताकि बच्चों के सपनों के भारत को लेकर समाज में व्यापक संवाद स्थापित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *