Dantewada

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित हुई प्रेस वार्ता में वन मंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां

दंतेवाड़ा/बस्तर न्यूज

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सोमवार को दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को छत्तीसगढ़ शासन के वन मंत्री एवं दंतेवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पत्रकारों के साथ साझा की।

प्रेस वार्ता में वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश के विकास, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की हैं। इन योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है और देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रहने वाले करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं, उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने के लिए निःशुल्क गैस कनेक्शन दिए गए हैं।
मंत्री कश्यप ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के जरिए आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा, किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना ने देश में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा दिया है। बड़ी संख्या में लोगों के बैंक खाते खुलने से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंच रहा है। इसके साथ ही, स्वच्छ भारत मिशन, हर घर जल योजना और डिजिटल इंडिया अभियान जैसी पहल ने देश के विकास को नई दिशा दी है।

प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार ने आधारभूत संरचना के विकास, सड़क निर्माण, रेल, संचार और डिजिटल सेवाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया है। इससे देश के दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों में भी विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और योजनाओं का उद्देश्य आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करना है, ताकि देश आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी रूप से मजबूत बन सके।

प्रेस वार्ता के दौरान विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुंडामी, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर सहित स्थानीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *