जगदलपुर। बस्तर न्यूज
सिख समाज के प्रथम गुरु गुरुनानक देव जी की 557वीं जयंती (प्रकाश पर्व) को सिक्ख समुदाय ने हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। श्री गुरु नानक देव जयंती पर श्री गुरु सिंघ सभा की ओर से न्यू बस स्टैण्ड के पास स्थित गुरुद्वारा में अखण्ड पाठ का आयोजन किया गया था। 48 घंटे के पाठ के बाद कीर्तन शुरू हुआ। सिक्ख समुदाय के श्रद्धालु बड़ी संख्या में गुरुद्वारा पहुंच कर मत्था टेक कर अरदास किया। श्री गुरु नानक देव जयंती पर आयोजित लंगर में बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर लंगर प्रसाद ग्रहण किया।
सिख धर्म के प्रथम गुरु, गुरु नानक देव जी की जीवनी
सिक्ख धर्म के प्रथम गुरु गुरुनानक देव का जन्म कार्तिक पूर्णिमा, संवत् 1527 राय भोई की तलवंडी, (वर्तमान ननकाना साहिब पंजाब, पाकिस्तान) नामक स्थान पर हुआ था। कुछ विद्वान इनकी जन्मतिथि 15 अप्रैल 1469 मानते हैं। किन्तु प्रचलित तिथि कार्तिक पूर्णिमा ही है, जो अक्टूबर-नवम्बर में दीवाली के 15 दिन बाद पड़ती है। इनके पिता का नाम मेहता कालूचन्द खत्री तथा माता का नाम तृप्ता देवी था। तलवण्डी का नाम आगे चलकर नानक के नाम पर ननकाना पड़ गया। इनकी बहन का नाम नानकी था। उनका विवाह नानक सुलक्खनी के साथ हुआ था। इनके दो पुत्र श्रीचन्द और लक्ष्मीचन्द थे। उन्होंने करतारपुर नामक एक नगर बसाया, जो कि अब पाकिस्तान में है। इसी स्थान पर सन् 1539 को गुरु नानक जी का देहांत हुआ था। गुरु नानक की पहली ‘उदासी’ (विचरण यात्रा) 1507 ई. में 1515 ई. तक रही। इस यात्रा में उन्होंने हरिद्वार, अयोध्या, प्रयाग, काशी, गया, पटना,असम, जगन्नाथपुरी, रामेश्वर, सोमनाथ, द्वारिका, नर्मदा तट, बीकानेर, पुष्कर तीर्थ, दिल्ली, पानीपत, कुरुक्षेत्र, मुल्तान, लाहौर आदि स्थानों में भ्रमण किया।
नगर के शांति नगर वार्ड स्थिति गुरूद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा में आयोजित कार्यक्रम में हेमकुंड साहिब से पहुंचे भाई आदित्य प्रताप सिंह व उनके साथियों ने गुरू के जीवन पर पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सज्जन गुरु अपने शिष्य को भी सज्जन बना देता है। गुरु नानक जी की शक्ति अनोखी थी, उन्होंने लोगों को मानवता, एकता और भक्ति का पाठ पढ़ाया। उन्होंने अपने विचार से संगत को निहाल कर दिया। इस अवसर पर किर्तन के दौरान वाहे गुरु, वाहे गुरु गाकर सभी को भक्ति में डूबो दिया। अरदास के बाद लंगर में प्रसाद ग्रहण करने श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। गुरुनानक जयंती पर सिख समाज के लोगों के साथ-साथ विभिन्न समुदायों के लोगों ने गुरुदारे पहुंचकर गुरु नानक देव जी का आशीर्वाद लेकर लंगर (प्रसाद) ग्रहण किया।
