जगदलपुर

बस्तर जिला टेनिस संघ की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से हुआ गठन

जगदलपुर/बस्तर न्यूज

जगदलपुर टेनिस संघ का द्विवर्षीय चुनाव गुरुवार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण वातावरण एवं सर्वसम्मति से हुआ। निर्वाचन अधिकारी वरिष्ठ अधिवक्ता राहुल सिंह ने अभी सदस्यों की सहमति से पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों के चयन के उपरांत नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। संघ के निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. के. एल. आजाद एवं उनकी कार्यकारिणी का कार्यकाल पूर्ण होने पर सदस्यों ने उनके नेतृत्व में किए गए कार्यों की सराहना की। खिलाड़ियों को प्रोत्साहन, विभिन्न प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन तथा जिले में टेनिस खेल के विस्तार में उनके योगदान के लिए उनका अभिनंदन किया गया। संघ के सभी सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।

जिसमें संरक्षक थॉमस फिलिप, अध्यक्ष हरदीप सिंह गैदू, सचिव कुणाल चालीसगांवकर, उपाध्यक्ष फिरोज बस्तरिया एवं मुकेश मिश्रा, कोषाध्यक्ष श्याम पंजियार तथा मनोज पटेल, जोगेंद्र पाल सिंह को सह सचिव चुना गया। साथ ही कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में विश्वनाथ नायडू, मोक्ष पराशर, नोहर सिंह राजपूत, विनायक ठाकुर को शामिल किया गया। इसके अतिरिक्त मनिंदर सिंह, ललित कुमार मौर्य, प्रणय शर्मा, अंकित मिश्रा, मयंक पथरिया, मितेश श्रीवास्तव, दिव्यांश सिंह तथा वरिष्ठ अधिवक्ता राहुल सिंह को नए सदस्य के रूप में शामिल किया गया।

नव निर्वाचित अध्यक्ष हरदीप सिंह गैदू ने सभी सदस्यों द्वारा व्यक्त विश्वास के लिए आभार प्रकट करते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी जगदलपुर में टेनिस खेल को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। खिलाड़ियों के लिए नियमित प्रशिक्षण शिविर, आयु वर्ग की प्रतियोगिताएँ, खेल अधोसंरचना का विकास तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।

नव निर्वाचित सचिव कुणाल चालीसगांवकर ने कहा कि संघ का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं एवं स्कूली खिलाड़ियों को टेनिस से जोड़ना, जूनियर प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा खिलाड़ियों के लिए बेहतर अभ्यास एवं प्रशिक्षण सुविधाएँ उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी आगामी दो वर्षों में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की टेनिस प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश टेनिस संघ एवं अखिल भारतीय टेनिस संघ के सहयोग से प्रयास करेगी। साथ ही नियमित कोचिंग एवं प्रशिक्षण शिविर, रेफरी और कोच विकास कार्यक्रम आयोजित कर जगदलपुर को बस्तर संभाग में टेनिस गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। बैठक में सदस्यों ने खेल भावना, पारदर्शिता एवं संगठनात्मक एकता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया तथा जिले के उभरते खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने का निर्णय लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *