जगदलपुर

खिलाड़ियों ने नशा मुक्ति का संकल्प लेकर सुना प्रधानमंत्री मोदी का संदेश

जगदलपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ के शुभारंभ अवसर पर बस्तर के युवाओं और खिलाड़ियों ने एकजुट होकर नशा मुक्ति का संकल्प लिया। शहर के इंदिरा स्टेडियम परिसर स्थित हॉस्टल बिल्डिंग स्पोर्ट्स हॉल में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और स्वस्थ तथा नशा मुक्त जीवन अपनाने की शपथ ली।

इस कार्यक्रम में जिले के लगभग 200 खिलाड़ियों ने अपनी उत्साहजनक उपस्थिति दर्ज कराई। इसमें खेलो इंडिया लघु केंद्र पंडरीपानी के हॉकी खिलाड़ियों के साथ-साथ विभागीय अकादमियों के कयाकिंग-कैनोइंग, एथलेटिक्स, आर्चरी और कराते के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री के प्रेरक उद्बोधन से प्रेरणा लेते हुए खेल भावना के साथ समाज को नशा मुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।

प्रभारी सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण सुशांत पॉल के नेतृत्व में इस गरिमामय आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और प्रभावशील बनाने में विभाग के कर्मचारियों, व्यायाम शिक्षक कोटेश्वर नायडू, श्रवण साहू तथा विभिन्न खेल अकादमियों के प्रशिक्षकों तथा खेल सगठनों के पदाधिकारियों का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *