November 5, 2026

बस्तर ओलंपिक से उत्साहित हैं अबूझमाड़ की रंजिता जुर्री

नारायणपुर। जिले के सुदूर वनांचल अबूझमाड़ क्षेत्र के ग्राम हिकपाड़ की प्रतिभाशाली खिलाड़ी कुमारी रंजिता जुर्री खेल के क्षेत्र में अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर में अध्ययनरत रंजिता ने अब तक तीन बार राज्य स्तरीय और दो बार राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार और गांव, बल्कि पूरे नारायणपुर जिले और बस्तर अंचल का गौरव बढ़ा है।

रंजिता को बचपन से ही खेलों के प्रति विशेष लगाव रहा है। खेल के प्रति उनकी रुचि धीरे-धीरे जुनून में बदल गई और उन्होंने नियमित अभ्यास एवं मेहनत के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारना शुरू किया। पढ़ाई के साथ खेलों के लिए समय निकालना और लगातार अभ्यास करना उनकी दिनचर्या का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी लगन और समर्पण के परिणाम स्वरूप उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। दूरस्थ ग्रामीण अंचल से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का उनका सफर क्षेत्र के अन्य बच्चों और युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।

नारायणपुर जिले सहित समूचे बस्तर संभाग में आयोजित बस्तर ओलंपिक को लेकर रंजिता काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का एक बेहतरीन माध्यम हैं। पहले दूरस्थ गांवों के अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए पर्याप्त अवसर और मंच नहीं मिल पाता था, लेकिन अब ऐसे आयोजनों के माध्यम से उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। रंजिता का मानना है कि खेल के क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रतिभा के साथ नियमित अभ्यास, धैर्य और दृढ़ इच्छाशक्ति जरूरी है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला है। अलग-अलग क्षेत्रों के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और खेल के प्रति उनका उत्साह भी मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *