September 23, 2026

बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

जगदलपुर। पश्चिम-मध्य और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा अवदाब तेजी से पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक गुरुवार 24 सितंबर की सुबह विशाखापट्टनम और पुरी के बीच तट को एक गहरे अवदाब के रूप में ही पार करेगा। इसके बाद भी इसके कमजोर पड़ने की संभावना नहीं है और यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में गहरा अवदाब बनकर ही आगे बढ़ता रहेगा, जिसका सीधा और व्यापक असर मध्य भारत के मौसम पर देखने को मिलेगा। जिसके प्रभाव से 24 सितंबर को छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा। राज्य के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है, जबकि कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं।

मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में बादलों की तेज गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की है, जिसको देखते हुए आम नागरिकों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों या पेड़ों के नीचे न जाने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से दक्षिण छत्तीसगढ़ में इस चक्रवाती तंत्र का असर सबसे तीखा रहेगा, जहां कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज हो सकती है और एक-दो इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है। भारी से अति भारी बारिश के इस पूर्वानुमान के चलते स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल को निचले इलाकों में संभावित जलभराव और जलस्तर पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *