जगदलपुर/बस्तर न्यूज
बस्तर जिले में स्लिंग शॉट (गुलेल) खेल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला संघ के गठन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक छत्तीसगढ़ राज्य स्लिंग शॉट (गुलेल) एसोसिएशन के राज्य उपाध्यक्ष नबी मोहम्मद के मार्गदर्शन में हुई।
बैठक में समाजसेवी एवं खिलाड़ी अजय पाल सिंह जसवाल को बस्तर जिला स्लिंग शॉट (गुलेल) संघ का अध्यक्ष बनाया गया। वही सुरेश यादव (बबला) सचिव, वरिष्ठ खिलाड़ी श्रीमती ऊषा श्रीवास्तव कोषाध्यक्ष एवं श्री सूर्या को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। तथा कार्यकारिणी में मोतीराम पोयम, मंगल पोयम, मुकेश शर्मा, वरिष्ठ खिलाड़ी धरम सिंह नाग तथा नेशनल खिलाड़ी सुजाता राव को शामिल किया गया है। संघ के संरक्षक हेतु नबी मोहम्मद व डॉ. के. एल. आजाद को सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से मनोनीत किया गया है।
नवगठित संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि बस्तर जिले में स्लिंग शॉट (गुलेल) खेल की प्रतिभाओं को सामने लाने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। इस पहल से जिले के युवक-युवतियों को इस पारंपरिक खेल से जोड़ने, प्रशिक्षण देने और प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। संघ का उद्देश्य बस्तर के इस प्राचीन खेल को संगठित रूप देकर राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
