September 9, 2026

पर्यटन स्थलों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, सुविधाओं के विस्तार के दिए निर्देश

दंतेवाड़ा। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने आज जिले के विकासखंड गीदम अंतर्गत फरसपाल एवं बारसूर क्षेत्र के विभिन्न पर्यटन स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यटन स्थलों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली तथा पर्यटन सुविधाओं के विकास एवं बेहतर व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने फरसपाल स्थित पर्यटन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थल के आसपास पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने, पर्यटकों की आवाजाही को सुगम करने तथा स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को स्थल की आवश्यकताओं के अनुरूप पार्किंग एवं अन्य सुविधाओं के विकास की कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यटन स्थल के समीप उपलब्ध शासकीय भूमि का चिन्हांकन कर आवश्यकतानुसार पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए उपयोग करने की दिशा में कार्यवाही करने को कहा। कलेक्टर ने वन विभाग द्वारा तैयार किए जा रहे पर्यटन कॉटेज का भी निरीक्षण किया और कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर उन्हें पर्यटकों के लिए जल्द प्रारंभ करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को ठहरने की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके।

इसके पश्चात कलेक्टर ने बारसूर क्षेत्र के विभिन्न पर्यटन स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने पर्यटकों की सुविधा, साफ-सफाई, पहुंच मार्ग सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि जिले के पर्यटन स्थलों को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के साथ पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। बारसूर में पर्यटकों के ठहरने की सुविधा के लिए बनाए जा रहे कॉटेज का कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर पर्यटकों के लिए सुविधा प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कलेक्टर ने वार्ड क्रमांक 01 स्थित बासनतराई पारा के हिरमराज मंदिर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर के आसपास उगी घास एवं अनावश्यक झाडि़यों की तत्काल सफाई कराने तथा परिसर की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए, ताकि स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी सुविधाजनक वातावरण मिल सके।

पर्यटन स्थल के भ्रमण के दौरान जिला पंचायत सीईओ एम. भार्गव, एसडीएम विवेक चंद्र, पीएमजीएसवाय ईई वैभव देवांगन सहित अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *