रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के हाथों नई दिल्ली में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर रायपुर लौटे उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव और रायपुर, बिलासपुर एवं बिल्हा के निर्वाचित प्रमुखों का विमानतल पर जोरदार स्वागत किया गया। तीनों निकायों से सैकड़ों की संख्या में स्वच्छता दीदियां एवं अधिकारी-कर्मचारी उप मुख्यमंत्री और अपने निकाय प्रमुखों रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे, बिलासपुर की महापौर श्रीमती पूजा विधानी तथा बिल्हा नगर पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती वन्दना जेंड्रे के स्वागत व अभिनन्दन के लिए विमानतल पहुंचे थे। पारंपरिक लोक नृत्यों और गाजे-बाजे के साथ पुरस्कार ग्रहण करने नई दिल्ली गए प्रतिनिधि मंडल का रायपुर लौटने पर शानदार अभिनन्दन किया गया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लगातार दूसरे वर्ष इन तीनों शहरों की उपलब्धियों पर बधाई देते हुए कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने लगातार दूसरे वर्ष अपनी राष्ट्रीय पहचान कायम रखी है। लगातार दो वर्षों तक तीन-तीन नगरीय निकायों का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना प्रदेश में स्वच्छता के क्षेत्र में हो रहे निरंतर सुधार, प्रतिबद्धता और प्रभावी प्रयासों का प्रमाण है। इस उपलब्धि के पीछे सफाई मित्रों का अथक परिश्रम, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी है। उन्होंने सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे प्रतिदिन शहरों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
