November 25, 2026

छत्तीसगढ़ के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर हैं हमारे कंटेंट क्रिएटर्स : मुख्यमंत्री

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज स्थानीय एक होटल में आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के कंटेंट क्रिएटर्स प्रदेश के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर हैं। वे अपने कैमरे और रचनात्मकता से छत्तीसगढ़ की ऐसी सुंदर तस्वीर देश-दुनिया के सामने ला रहे हैं, जिससे प्रदेश की लोककला, संस्कृति, खान-पान, पर्यटन स्थलों और छत्तीसगढ़ी भाषा को नई पहचान मिल रही है। आज सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म सूचना एवं संवाद के प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। कंटेंट क्रिएटर्स की पहुंच लाखों लोगों तक है। वे मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और जनहित के विषयों को लोगों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। छत्तीसगढ़ के जनजातीय और ग्रामीण अंचलों की समृद्ध परंपराओं, कला-संस्कृति और अनछुए पर्यटन स्थलों को दुनिया के सामने लाने में क्रिएटर्स का योगदान अहम हो सकता है।

जनता की पसंद से चुने गए क्रिएटर्स, 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उप श्रेणियों में अवॉर्ड्स

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की जनता की सार्वजनिक वोटिंग के माध्यम से अपने पसंदीदा क्रिएटर्स का चयन किया गया। अवॉर्ड्स के लिए 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें फूड, संस्कृति, स्वास्थ्य, शिक्षा, लाइफस्टाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों में डिजिटल माध्यम से उल्लेखनीय योगदान देने वाले क्रिएटर्स को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने युवा क्रिएटर्स के साथ खिंचवाई सेल्फी

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवा कंटेंट क्रिएटर्स के साथ आत्मीय संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए। उन्होंने क्रिएटर्स को छत्तीसगढ़ की सकारात्मक पहचान, यहां की लोक संस्कृति, पर्यटन, जनजातीय परंपराओं और विकास की कहानियों को डिजिटल माध्यमों से अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रिएटर्स के हाथ में केवल मोबाइल या कैमरा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की नई पहचान गढ़ने की ताकत है। उन्होंने सभी पुरस्कार विजेताओं को हार्दिक बधाई दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्रिएटर्स के साथ सेल्फी भी खिंचवाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *