दंतेवाड़ा। जनजातीय समाज की गौरवशाली संस्कृति, समृद्ध परंपराओं, ऐतिहासिक विरासत और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय महानायकों के अतुलनीय योगदान को समर्पित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर स्थित मेंडका डोबरा मैदान में किया गया। समारोह में आदिवासी संस्कृति, लोककला, परंपराओं और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास की अनुपम झलक देखने को मिली। जनजातीय महानायकों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को नमन करते हुए उनकी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और विकास को मिली नई दिशा : वन मंत्री
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को देश और दुनिया के सामने लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने जनजातीय समुदाय के महानायकों की वीरता, संघर्ष और बलिदान की गाथाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान से परिचित कराने के उद्देश्य से जनजातीय गौरव दिवस की परिकल्पना की। हमारे इतिहास में अनेक ऐसे जनजातीय महापुरुष और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हुए हैं, जिन्होंने देश, समाज और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, लेकिन उन्हें इतिहास में वह स्थान नहीं मिल पाया जिसके वे वास्तविक रूप से अधिकारी थे। उन्होंने वर्ष 1919 की जलियांवाला बाग की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि देश का अधिकांश नागरिक इस घटना से परिचित है, लेकिन 17 नवंबर 1913 को मानगढ़ में संत गोविंद गुरु के नेतृत्व में हुए जनजातीय आंदोलन और लगभग 1,500 लोगों के बलिदान की जानकारी अपेक्षाकृत कम लोगों को है।

समारोह में पद्मश्री से सम्मानित डॉ. बुधरी ताती एवं पद्मश्री डॉ. रामचंद्र गोडबोले को श्रीफल और शाल भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले स्कूली विद्यार्थियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस मौके पर विधायक चैतराम अटामी ने जनजातीय गौरव दिवस की सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपराएं, लोककला, भाषा और जीवनशैली हमारी विशिष्ट पहचान हैं। जनजातीय समाज ने सदैव प्रकृति संरक्षण, सामुदायिक एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया है।
