दंतेवाड़ा। जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से दो दिवसीय जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का आज हाईस्कूल खेल मैदान दंतेवाड़ा में भव्य शुभारंभ हुआ। वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने तीरंदाजी एवं बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ को दिखाकर खेल प्रतियोगिताओं का आगाज किया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
बस्तर ओलंपिक ग्रामीण अंचलों की खेल प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त मंच : वन मंत्री

इस मौके पर प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर ओलंपिक ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और नई पहचान बनाने के अवसर मिल रहे हैं। खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि अनुशासन, एकता, सहयोग, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और खेल के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने जिले में बस्तर ओलंपिक के आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष जिले से कुल 80,175 प्रतिभागियों का पंजीयन हुआ है, जिसमें 28,373 पुरुष एवं 51,802 महिला प्रतिभागी शामिल हैं। प्रतियोगिताओं में वास्तविक रूप से 18,551 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें 9,251 पुरुष एवं 9,300 महिला खिलाड़ी शामिल रहे। इस वर्ष बस्तर ओलंपिक में 11 खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। 1 से 4 नवंबर तक आयोजित ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों सहित कुल 1,058 खिलाड़ी जिला स्तरीय आयोजन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
