Dantewada

कांग्रेसियों ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर किया विरोध प्रदर्शन

दंतेवाड़ा/बस्तर न्यूज

भारत की राजधानी दिल्ली में नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज एवं कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में दंतेवाडा जिले के सभी विकासखंड में कांग्रेसियों ने पुतला दहन कर केंद्र सरकार का विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश एवं जिला कांग्रेस कमेटी दंतेवाड़ा के आदेशानुसार सभी ब्लॉकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन, केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की। नीट पेपर लीक मामलों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर दिल्ली के जंतर-मंतर में हुए लाठीचार्ज तथा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद श्रीमती प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ कथित बर्बरतापूर्ण व्यवहार एवं गिरफ्तारी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा तथा छात्रों की आवाज़ दबाने के प्रयासों के विरुद्ध अपना विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि पेपर लीक जैसी गंभीर समस्या ने देश के लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। ऐसे समय में न्याय की मांग कर रहे छात्र-छात्राओं की आवाज़ सुनने के बजाय उन पर बल प्रयोग करना तथा विपक्ष के नेताओं को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है।

जिलेभर में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी, सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवा दल एवं कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *