Dantewada

विशेषज्ञ चिकित्सकों की होगी संविदा भर्ती, आवेदन की अंतिम तिथि 16 मई

दंतेवाड़ा। जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से जिला खनिज न्यास निधि मद अंतर्गत संचालित 50 बिस्तर मातृ एवं शिशु अस्पताल गीदम तथा जिला चिकित्सालय दंतेवाड़ा हेतु चिकित्सा विशेषज्ञों की संविदा भर्ती की जाएगी। कलेक्टर के अनुमोदन उपरांत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 03 विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों पर वर्चुअल इंटरव्यू के माध्यम से चयन किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा जारी संक्षिप्त प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार शिशु रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं निश्चेतना विशेषज्ञ के एक-एक पद पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 2 लाख 50 हजार रुपये मानदेय प्रदान किया जाएगा, जो नेगोशिएबल रहेगा। इन पदों के लिए संबंधित विषय में एम.डी., डी.एन.बी. उत्तीर्ण होने के साथ छत्तीसगढ़ मेडिकल काउंसिल में जीवित पंजीयन आवश्यक होगा। साथ ही कार्यानुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत आवेदन भरने की अंतिम तिथि 16 मई 2026 को प्रातः 10 बजे तक निर्धारित की गई है। वहीं वर्चुअल इंटरव्यू 16 मई 2026 दिन शनिवार को प्रातः 11 बजे से आयोजित किया जाएगा।

इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित लिंक के माध्यम से अपनी शैक्षणिक एवं आवश्यक योग्यता संबंधी जानकारी अपलोड कर आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में अधिकारियों ने बताया कि आवेदकों द्वारा आवेदन पत्र में उपलब्ध कराए गए विवरण के आधार पर ऑनलाइन साक्षात्कार हेतु निर्धारित समय एवं वर्चुअल लिंक संबंधित अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराया जाएगा। आवेदन भरते समय अभ्यर्थियों को अपना व्हाट्सएप मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *