जगदलपुर/बस्तर न्यूज
बस्तर जिला जुडो संघ व गोसुकुरियो कराते दो एसोसिएशन द्वारा 1 मई से 10 जून 2026 तक युवाओं और बच्चों में आत्मरक्षा तथा शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्रीष्मकालीन जुडो-कराते प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण शिविर प्रतिदिन शाम 5:00 बजे से 6:15 बजे तक विद्या ज्योति स्कूल ग्राउंड में आयोजित होगा। जिसमें शहर के बच्चे एवं युवा भाग ले सकते हैं। शिविर में प्रतिभागियों को जुडो और कराते की बुनियादी तकनीकों के साथ-साथ आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण गुर भी सिखाए जाएंगे।
जूडो कराते प्रशिक्षक अब्दुल मोइन ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना, अनुशासन, आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उन्हें आत्मरक्षा के लिए सक्षम बनाना है। इच्छुक प्रतिभागी निर्धारित समय पर स्थल पर पहुंचकर प्रशिक्षण शिविर में भाग ले सकते हैं।



