दंतेवाड़ा। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ की शुरुआत प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल माध्यम से की गई। अब जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों में वेबकास्टिंग के जरिए किया गया। साथ ही, इस महत्वपूर्ण योजना का प्रसारण जिले के ग्रामों में नागरिकों को दिखाया गया। यह अभियान 13 अप्रैल से 12 मई तक संचालित होगा, जिसके अंतर्गत जिले के लगभग 3 लाख 34 हजार नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। अभियान के सफल संचालन हेतु 76 जांच दल गठित किए गए हैं, जो घर-घर जाकर लोगों की जांच करेंगे। जांच के दौरान आयुष्मान कार्ड का सत्यापन किया जाएगा तथा गैर संचारी रोगों जैसे बीपी, शुगर, टीबी, कुष्ठ, नेत्र रोग एवं मलेरिया सहित विभिन्न बीमारियों की जांच की जाएगी। साथ ही, रोगियों का तत्काल उपचार किया जाएगा और उच्च जोखिम वाले मरीजों की पहचान कर उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में रेफर किया जाएगा।
इस अभियान की विशेषता यह है कि सभी नागरिकों की स्वास्थ्य जांच का ऑनलाइन रिकॉर्ड भी तैयार किया जाएगा। जांच के दौरान ही रिपोर्ट की ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे घर-घर पहुंचने वाले जांच दलों को सहयोग करें और अपनी स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।


