November 17, 2026

हिमाचल प्रदेश में आयोजित साहसिक शिविर में बस्तर विश्वविद्यालय का नेतृत्व करेंगे एनएसएस कैडेट

जगदलपुर। शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के चार प्रतिभाशाली कैडेटों का चयन हिमाचल प्रदेश के हाटकोटी में आयोजित होने वाले साहसिक शिविर के लिए हुआ है। चयनित कैडेटों में भुवनेश्वर कश्यप, गोविंद नाग, धर्मी ठाकुर एवं अवंतिका शार्दुल शामिल हैं। ये चारों कैडेट शिविर में वे शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर का प्रतिनिधित्व एवं नेतृत्व करेंगे।

यह साहसिक शिविर 21 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक हिमाचल प्रदेश के हाटकोटी में आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में विभिन्न साहसिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना, निर्णय लेने की क्षमता एवं चुनौतियों का सामना करने का कौशल विकसित किया जाएगा।

बस्तर जैसे आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र से चार कैडेटों का राष्ट्रीय स्तर के साहसिक शिविर के लिए चयन होना पूरे जिले के लिए गर्व और हर्ष का विषय है। यह उपलब्धि बस्तर के युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रति समर्पण को दर्शाती है। शिविर के दौरान ये कैडेट न केवल विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे, बल्कि बस्तर की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और पहचान को भी देश के अन्य प्रतिभागियों के सामने प्रस्तुत करेंगे।

इस उपलब्धि के पीछे कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सजीवन कुमार, जिला संगठक मौसमी विश्वास, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. भुनेश्वर लाल साहू एवं कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश कुमार देवांगन का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन, प्रेरणा एवं सहयोग रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *