जगदलपुर/बस्तर न्यूज
नगर पालिक निगम जगदलपुर के सिविल लाइन वार्ड क्रमांक 07 में संचालित SLRM सेंटर अब स्थानीय रहवासियों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनता जा रहा है। सेंटर से निकलने वाली असहनीय दुर्गंध, आसपास फैली गंदगी, कचरे के ढेर, मक्खियों और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप ने पूरे क्षेत्र के नागरिकों का जीवन प्रभावित कर दिया है। स्थिति यह है कि रिहायशी इलाके में रहने वाले परिवारों को अपने ही घरों में स्वच्छ वातावरण और सामान्य जीवन के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन द्वारा लगातार की जा रही, शिकायतों और लिखित आवेदनों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं किया जाना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है।
इस गंभीर समस्या के विरोध में आज बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर के अध्यक्ष की उपस्थिति में वार्ड पार्षद संध्या महंती मरकाम एवं स्थानीय वार्डवासियों के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और पार्षद दल ने भंगाराम चौक में उग्र धरना-प्रदर्शन एवं चक्काजाम किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सिविल लाइन वार्ड स्थित SLRM सेंटर को तत्काल प्रभाव से अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की।
महापौर जनता की परेशानी छोड़ फोटो सेशन और प्रचार में व्यस्त है : सुशील मौर्य
इस दौरान बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निगम में बैठी भाजपा की सत्ता और महापौर को आम जनता की बुनियादी समस्याओं से कोई सरोकार नजर नहीं आता। शहर की जनता गंदगी, दुर्गंध और अव्यवस्थाओं से परेशान है, लेकिन महापौर और निगम के जिम्मेदार जनप्रतिनिधि अपनी उपलब्धियां गिनाने, विज्ञापनों, बड़े आयोजनों और फोटो सेशन में व्यस्त हैं। यदि निगम प्रशासन वास्तव में शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, तो उसे सबसे पहले उन नागरिकों की परेशानी दिखाई देनी चाहिए, जो महीनों से गंदगी और असहनीय बदबू के बीच जीवन बिताने को मजबूर हैं। आज भंगाराम चौक में किया गया धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम महापौर संजय पांडे व प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ जनता की आवाज है। यदि नगर निगम प्रशासन ने इस गंभीर जनसमस्या को अब भी नजरअंदाज किया और SLRM सेंटर को हटाने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया, तो कांग्रेस पार्टी वार्डवासियों के साथ मिलकर आगे भी जनहित में आंदोलन जारी रखेगी।

वार्ड पार्षद संध्या महंती मरकाम ने कहा कि सिविल लाइन वार्ड क्रमांक 07 के नागरिक लंबे समय से SLRM सेंटर से उत्पन्न समस्याओं को झेल रहे हैं। इस संबंध में 29 जुलाई 2026 को ही वार्डवासियों की ओर से नगर निगम आयुक्त को विधिवत लिखित आवेदन सौंपकर पूरे मामले से अवगत कराया गया था। आवेदन में सेंटर से निकलने वाली दुर्गंध, गंदगी, मक्खियों और मच्छरों के प्रकोप तथा आसपास रहने वाले नागरिकों को हो रही परेशानियों का विस्तार से उल्लेख किया गया था। इसके बावजूद शिकायत के बाद कई महीने बीत जाने पर भी निगम प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ऐसा प्रतीत होता है कि महापौर और निगम के जिम्मेदार अधिकारियों ने वार्डवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेना ही बंद कर दिया है। आखिर नागरिक अपनी समस्याएं लेकर किसके पास जाएं? क्या नगर निगम का काम केवल टैक्स वसूलना, आयोजन करना और उपलब्धियों का प्रचार करना रह गया है?
संध्या महंती मरकाम ने बताया कि SLRM सेंटर के आसपास स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति विशेष रूप से चिंताजनक है। सेंटर से फैलने वाली दुर्गंध, गंदगी, मक्खियों और मच्छरों के कारण आंगनबाड़ी में आने वाले छोटे बच्चों को परेशानी हो रही है। बच्चों के लिए निर्धारित स्थान पर स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होना चाहिए, लेकिन यहां स्थिति ऐसी बन गई है कि बच्चों का बैठना तक मुश्किल हो रहा है। इसका असर बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा पर भी पड़ने की आशंका है।आखिर मासूम बच्चों का क्या कसूर है, जिन्हें ऐसी परिस्थितियों में बैठने और पढ़ने को मजबूर होना पड़ रहा है?
निगम नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि सिविल लाइन वार्ड में SLRM सेंटर से उत्पन्न हो रही समस्याएं नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। जब वार्ड पार्षद और स्थानीय नागरिक 29 जुलाई 2026 को ही निगम आयुक्त को लिखित शिकायत सौंप चुके थे, तो अब तक समस्या का समाधान क्यों नहीं किया गया? क्या निगम प्रशासन किसी बड़ी बीमारी के फैलने या किसी अप्रिय घटना का इंतजार कर रहा है? क्या अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल बैठकों में शामिल होने, कार्यक्रमों में पहुंचने और तस्वीरें खिंचवाने तक सीमित रह गई है? हमारी स्पष्ट मांग है कि नगर निगम प्रशासन तत्काल सिविल लाइन वार्ड स्थित SLRM सेंटर को रिहायशी क्षेत्र से हटाने की कार्रवाई करे। साथ ही सेंटर के आसपास फैली गंदगी की तत्काल सफाई, नियमित सैनिटाइजेशन, मच्छर-मक्खियों की रोकथाम और क्षेत्र में स्वच्छता की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आंगनबाड़ी केंद्र और राशन दुकान के आसपास विशेष स्वच्छता व्यवस्था लागू की जाए, ताकि बच्चों और जरूरतमंद नागरिकों के स्वास्थ्य पर किसी प्रकार का खतरा न रहे।
इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव, पार्षद सूर्यापानी, नगर निगम उपनेता प्रतिपक्ष कोमल सेना, महामंत्री अभिषेक नायडू, जाहिद हुसैन, सुषमा सुता, सुनीता सिंह, कोषाध्यक्ष रविशंकर तिवारी, यूंका अध्यक्ष निकेत राज झा, पार्षद सुशिला बघेल, शुभम यदू, ललिता राव, आभाष महंती, राकेश मौर, रामकृष्ण तिवारी, रामशंकर पिल्लै लव मिश्रा, विक्रांत सिंह, इन्दर झज्ज, मोहसिन खान, हेमंत,शंकर सेन, महबूब खान आदि मौजूद रहे।
