November 3, 2026

युवा संसद में युवाओं ने ‘एक देश, एक चुनाव’ विषय पर रखे अपने विचार

दंतेवाड़ा। युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, संवैधानिक मूल्यों एवं नीति निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के स्वायत्त निकाय ‘माय भारत’ के तत्वावधान में पीजी कन्या महाविद्यालय, दंतेवाड़ा में जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने ‘एक देश, एक चुनाव’ विषय पर पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत करते हुए तार्किक क्षमता, वैचारिक स्पष्टता एवं नेतृत्व कौशल का परिचय दिया।

विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। विकसित भारत युवा संसद युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, संवैधानिक मूल्यों एवं राष्ट्रीय नीतियों को समझने का बेहतर मंच प्रदान करती है। ‘एक देश, एक चुनाव’ जैसे महत्वपूर्ण विषय पर युवाओं का विचार-विमर्श करना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी तार्किक क्षमता, नेतृत्व कौशल एवं रचनात्मक सोच के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों के विचारों, तर्कों एवं प्रस्तुतीकरण का मूल्यांकन किया गया। इसमें कृषा ने प्रथम, नंदनी दीक्षित ने द्वितीय तथा प्रियांशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों विजेता प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय युवा संसद में दंतेवाड़ा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा।

इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर सुश्री चंचल पैकरा, अमित भारद्वाज, एनएमडीसी पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के प्राचार्य महेश ठाकुर, पीजी कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य विवेक शर्मा, सहायक प्राध्यापक श्रीमती अर्चना झा, जिला युवा अधिकारी आदित्य पांडे उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *