October 21, 2026

पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को दी गई श्रद्धांजलि

जगदलपुर/बस्तर न्यूज

पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आज अमर वाटिका में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश की आंतरिक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

पुलिस महानिरीक्षक बी.एन. मीणा द्वारा कर्तव्य निर्वहन के दौरान वीरगति को प्राप्त पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया गया। इसके पश्चात प्रशिक्षु सूबेदार ओम कुमार के नेतृत्व में पुलिस जवानों द्वारा शहीदों को सलामी दी गई। उपस्थित अतिथियों एवं पुलिस अधिकारियों ने शहीद पुलिसकर्मियों के सम्मान में पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान अतिथियों ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों से भेंट कर उनसे आत्मीय चर्चा की तथा उनका कुशलक्षेम जाना। अतिथियों ने राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्रियजनों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद परिवारों के प्रति सम्मान एवं संवेदना व्यक्त की। शहीद परिवारों का त्याग, धैर्य और समर्पण समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

पुलिस स्मृति दिवस उन वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान का स्मरण कराता है, जिन्होंने कर्तव्य को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्र की सेवा में अपने प्राणों की आहुति दी। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने शहीदों के आदर्शों पर चलने तथा जनसेवा, आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *