जगदलपुर। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 241वीं वाहिनी द्वारा सेड़वा क्षेत्र में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत व्यापक स्तर पर स्वच्छता एवं जन-जागरूकता गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वच्छता के प्रति चेतना जागृत करना और नागरिकों को अपने परिवेश को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित करना रहा।
अभियान के प्रथम चरण में 17 और 18 सितम्बर को स्वच्छ पाठशाला युवा फॉर स्वच्छता कार्यक्रम के तहत शासकीय प्राथमिक विद्यालय सेड़वा में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान सीआरपीएफ के अधिकारियों व जवानों ने विद्यालय परिसर और उसके आसपास के पूरे क्षेत्र की सघन साफ-सफाई की। साथ ही, उपस्थित छात्र-छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ विद्यालय और स्वच्छ पर्यावरण के महत्व से अवगत कराते हुए जागरूक किया गया, जिसमें विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भी पूरे उत्साह के साथ श्रमदान कर अपनी भागीदारी निभाई। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए 19 से 22 सितम्बर तक स्वच्छता लक्ष्य इकाई एवं स्वच्छ सार्वजनिक स्थल अभियान के अंतर्गत सेड़वा क्षेत्र के चिन्हित सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान चलाया गया। जवानों ने सार्वजनिक स्थलों से कचरा और गंदगी हटाकर पूरे क्षेत्र को स्वच्छ स्वरूप प्रदान किया और स्थानीय लोगों को सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इन कार्यक्रमों में कमांडेंट हरविंदर सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी संजय कुमार, उप कमांडेंट निरंजन कुमार निराला, उप कमांडेंट प्रमोद कुमार मीणा सहित वाहिनी के समस्त अधीनस्थ अधिकारियों व जवानों ने सक्रिय रूप से उपस्थित रहकर अपना योगदान दिया।
