September 20, 2026

एनसीसी कैडेट्स ने निकाली नशा मुक्ति जागरूकता रैली

जगदलपुर। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 02 में संचालित 10 छत्तीसगढ़ स्वतंत्र कंपनी एनसीसी जगदलपुर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पीएस बिंद्रा के निर्देशानुसार ‘नशा मुक्ति भारत’ के छठवें वर्ष के अवसर पर विविध जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान के तहत जूनियर विंग की कैडेट्स ने राजेंद्र नगर वार्ड और गंगा नगर वार्ड में जन-जागरूकता रैली निकाली।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस रैली के दौरान कैडेट्स ने प्रमुख चौराहों पर नुक्कड़ नाटक का जीवंत मंचन कर आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस रैली में सीनियर विंग की कैडेट्स के साथ एनसीसी अधिकारी कैप्टन हेमपुष्पा लता ध्रुव विशेष रूप से शामिल रहीं। रैली के पश्चात विद्यालय परिसर में नशा मुक्ति अभियान पर केंद्रित विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें एनसीसी कैडेट्स ने भाषण, पोस्टर मेकिंग और स्लोगन लेखन प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन एनसीसी अधिकारी, सेकंड ऑफिसर जैमवती ठाकुर द्वारा किया गया। विद्यालय की प्राचार्या हेमलता देवांगन ने अपने प्रेरक उद्बोधन से छात्राओं और कैडेट्स में नवीन ऊर्जा का संचार किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त वरिष्ठ व्याख्याता, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *