दंतेवाड़ा। 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 के अंतर्गत सॉफ्टबॉल (14 वर्ष) एवं कबड्डी (17 वर्ष) प्रतियोगिताओं का शुभारंभ आज इंडोर स्टेडियम में हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि बस्तर सांसद महेश कश्यप सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, प्रशिक्षक एवं विभिन्न संभागों से पहुंचे खिलाड़ी उपस्थित रहे।
इस मौके पर बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अधिकारियों का माँ दंतेश्वरी की पावन धरा दंतेवाड़ा में स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व और संघर्ष की भावना विकसित करता है। खिलाड़ियों को पूरी लगन और मेहनत के साथ खेल भावना का परिचय देते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज खेलों में बेहतर भविष्य की अनेक संभावनाएं हैं। जावंगा के खिलाड़ियों द्वारा घुड़सवारी तथा अबूझमाड़ के खिलाड़ियों द्वारा मलखंब में हासिल उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बस्तर में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। खेल का अवसर मनुष्य के जीवन में एक बार आता है, इसलिए खिलाड़ियों को इस अवसर का भरपूर लाभ उठाते हुए पूरी मेहनत और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना चाहिए।
वही विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करता है। खिलाड़ियों को पूरी मेहनत और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करना चाहिए। जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण एवं आदिवासी अंचल की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि दंतेवाड़ा को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 की मेजबानी का गौरव प्राप्त हुआ है। प्रतियोगिता में 17 वर्ष कबड्डी एवं 14 वर्ष सॉफ्टबॉल के बालक-बालिका शामिल हैं। बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर एवं सरगुजा संभाग से लगभग 350 खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं अधिकारी सहभागिता कर रहे हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, नगर पालिका उपाध्यक्ष कैलाश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अपर कलेक्टर भारतराम ध्रुव, डिप्टी कलेक्टर सुश्री चंचल पैकरा, डीएमसी हरीश गौतम तथा सभी विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारी, स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे।
