दंतेवाड़ा। जिला मुख्यालय दंतेवाड़ा स्थित पुराने ग्रंथालय में आज जिला स्तरीय शिक्षक दिवस एवं मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 शिक्षकों को शिक्षा दूत पुरस्कार तथा 03 शिक्षकों को ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अतिथियों द्वारा शिक्षा दूत पुरस्कार के तहत 5 हजार रुपये तथा ज्ञानदीप पुरस्कार के तहत 7 हजार रुपये के डेमो चेक, श्रीफल एवं शाल प्रदान कर शिक्षकों का सम्मान किया गया। साथ ही SHVR स्वच्छ एवं हरित विद्यालय के लिए प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के साथ मित्रवत व्यवहार करते हुए उन्हें पढ़ाएं, ताकि विद्यार्थी अपनी जिज्ञासाओं और समस्याओं को बिना किसी संकोच के शिक्षकों के सामने रख सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए नई तकनीकों और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को विषयों को सरल एवं रोचक ढंग से समझने में सहायता मिलती है। जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने कहा कि आज जिन शिक्षकों का सम्मान किया गया है, उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया है। शिक्षकों के निरंतर प्रयास, समर्पण और मार्गदर्शन से दंतेवाड़ा के विद्यार्थी अंदरूनी क्षेत्रों से निकलकर संभाग, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह ने कहा कि शिक्षक की भूमिका कक्षा-कक्ष से शुरू होकर विद्यार्थियों के संपूर्ण जीवन को दिशा देने तक रहती है। शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने शिक्षकों की तुलना माली से करते हुए कहा कि जिस प्रकार माली पौधे की निरंतर देखभाल कर उसे वृक्ष बनने योग्य बनाता है, उसी प्रकार शिक्षक विद्यार्थियों को ज्ञान, संस्कार और प्रेरणा देकर उनके जीवन को सफल बनाते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत में जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर ने मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण पुरस्कार के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जिले में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 शिक्षकों को शिक्षा दूत पुरस्कार तथा 03 शिक्षकों को ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि जिले के उत्कृष्ट प्राचार्यों एवं व्याख्याताओं को संभाग स्तर पर भी सम्मानित किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर, जिला पंचायत सदस्य एवं जनपद पंचायत सदस्य सहित डीएमसी हरीश गौतम, एपीसी राजेंद्र पांडेय, सभी विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
