दंतेवाड़ा। राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के विशेष मॉनिटर आर. हेमंत कुमार ने जिले के भ्रमण के दौरान शैक्षणिक संस्थानों का अवलोकन कर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों, स्वास्थ्य सुविधाओं और शिक्षा की गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। भ्रमण के विद्यार्थियों के साथ जीव विज्ञान विषय के विभिन्न अध्यायों पर चर्चा की तथा विषय की बारीकियों को सरल तरीके से समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को नीट एवं जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन, विषयों की अवधारणाओं को समझने और निरंतर अभ्यास पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षकों से संवाद करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही एआई तकनीक का सकारात्मक, जिम्मेदारीपूर्ण एवं प्रभावी उपयोग कर शिक्षण प्रक्रिया को अधिक रोचक और परिणाममूलक बनाने के संबंध में सुझाव दिए। इस दौरान उन्होंने नर्सिंग स्टाफ से बच्चों के स्वास्थ्य, उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी भी ली। विशेष रूप से बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए लगाए जाने वाले एचपीवी टीकाकरण के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बालिकाओं के अभिभावकों को इस टीकाकरण के महत्व एवं लाभों के प्रति जागरूक करने तथा स्वास्थ्य विभाग और शिक्षण संस्थानों के समन्वय से आवश्यक जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त राजीव नाग, जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
