September 5, 2026

मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण में उत्कृष्ट शिक्षक हुए सम्मानित

जगदलपुर। शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर आयोजित संभाग स्तरीय ‘मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह’ अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। जिला प्रशासन और स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस भव्य समारोह में संभाग के सातों जिलों से चयनित 74 उत्कृष्ट प्राचार्यों, संस्था प्रमुखों और व्याख्याताओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षा के उन्नयन में दिए गए उनके अतुलनीय योगदान के लिए अलंकृत कर सम्मानित किया गया।

​मुख्य अतिथि बस्तर सांसद ने शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु ही जीवन से अज्ञान का अंधकार मिटाकर सही दिशा दिखाते हैं और मानव जीवन में उनका स्थान सर्वोपरि है। उन्होंने बस्तर के बच्चों को संस्कारवान बनाकर राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करने का आह्वान गुरुजनों से किया और इस दिशा में निरंतर समर्पित प्रयास किए जाने पर जोर दिया।

विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप ने कहा कि माता-पिता बच्चों को जन्म देते हैं, लेकिन उनके भविष्य को गढ़ने, सही दिशा दिखाने और उनमें संस्कार भरने का वास्तविक कार्य शिक्षक ही करते हैं।

मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह में जिला स्तरीय सम्मान के अंतर्गत जगदलपुर के सातों विकासखंडों से चयनित 21 शिक्षकों को ‘शिक्षा दूत सम्मान’ से नवाजा गया। वहीं जिला स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन शिक्षकों को ‘ज्ञान दीप सम्मान’ से सम्मानित किया गया और सभी सम्मानित शिक्षकों को निर्धारित सम्मान निधि सहित शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इस समारोह में संभाग स्तर पर बस्तर के सातों जिलों के 32 विकासखंडों से शिक्षकों का चयन किया गया, जिसमें प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं के 32-32 उत्कृष्ट प्रधान पाठकों को सम्मान राशि व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त संभाग के सातों जिलों से चयनित 7 उत्कृष्ट प्राचार्यों तथा ‘शिक्षा श्री सम्मान’ से नवाजे गए तीन व्याख्याताओं को सम्मान राशि सहित शाल-श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में विगत एक वर्ष के दौरान सेवानिवृत्त हुए जिले के 105 शिक्षकों और कर्मचारियों को भी उनके दीर्घकालिक योगदान के लिए शॉल व श्रीफल देकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *