Dantewada

डीईओ ने शिक्षिकाओं को सेवानिवृत्ति के दिन ही सौंपा पेंशन पेमेंट ऑर्डर

दंतेवाड़ा। जिले में शिक्षा के क्षेत्र में अपना लंबा और अमूल्य जीवन समर्पित करने वाली दो वरिष्ठ शिक्षिकाओं के लिए आज एक अत्यंत गरिमामय विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। शासकीय कन्या शिक्षा परिसर पातररास की प्राचार्य श्रीमती तुलसा दास तथा प्राथमिक शाला आंवराभाटा, विकासखंड दंतेवाड़ा की प्रधान पाठक श्रीमती गौतम गावड़े के 31अगस्त को शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने पर शिक्षा विभाग द्वारा उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों ने दोनों शिक्षिकाओं को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उत्कृष्ट सेवाकाल, कर्तव्यनिष्ठा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में दिए गए योगदान की मुक्तकंठ से सराहना की। कार्यक्रम में विभागीय तत्परता का एक अनुकरणीय उदाहरण भी देखने को मिला, जहां विदाई की बेला पर ही शिक्षिकाओं के हाथों में पेंशन से जुड़े दस्तावेज सौंप दिए गए।

जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी संतोष गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में लेखापाल मुकेश सोनी तथा राजू देवांगन द्वारा सेवानिवृत्ति के ठीक पहले ही दोनों शिक्षिकाओं को पेंशन पेमेंट ऑर्डर (पीपीओ) प्रदान किया गया, जिससे सेवामुक्ति का यह पल उनके लिए और भी निश्चिंतता भरा व यादगार बन गया।

सभी को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर ने कहा कि शिक्षक समाज के वास्तविक आधारस्तंभ होते हैं और एक सशक्त राष्ट्र व समाज के निर्माण में उनका योगदान सदैव अतुलनीय रहता है। उन्होंने दोनों शिक्षिकाओं के दीर्घ सेवाकाल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके भावी जीवन के लिए सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी संतोष गुप्ता ने भी उनके सेवाकाल को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों के जीवन को संवारने में किया गया उनका समर्पण सदैव याद रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *