Dantewada

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से रोशन हो रहा भविष्य

दंतेवाड़ा। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जिले के नागरिकों के लिए आर्थिक बचत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता का माध्यम बन रही है। योजना के तहत दंतेवाड़ा जिले की निवासी श्रीमती प्रफुल्ल देवी नेताम ने अपने घर की छत पर 6 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित कराया है, जिससे अब उनका परिवार स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ा चुका है। श्रीमती नेताम ने बताया कि सोलर संयंत्र स्थापना के लिए उन्होंने अपने बैंक से लगभग 4 लाख रुपये का ऋण प्राप्त किया। योजना के अंतर्गत उन्हें 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी स्वीकृत हुई है, जो स्थापना एवं आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सीधे उनके बैंक खाते में प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि सरकारी सहायता और आसान ऋण सुविधा के कारण सोलर प्लांट लगवाना पहले की तुलना में काफी सरल हो गया है।

केंद्र सरकार द्वारा योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को आकर्षक सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है तथा विभिन्न बैंकों के माध्यम से कम ब्याज दर पर ऋण सुविधा भी प्रदान की जा रही है।श्रीमती प्रफुल्ल देवी नेताम ने जिले के लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे इस योजना की जानकारी प्राप्त करें और इसका लाभ उठाएं। उनके अनुसार सौर ऊर्जा न केवल बिजली बिल कम करती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।

जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे पीएम सूर्य घर, मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर अपने घरों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाएं। इसके लिए इच्छुक उपभोक्ता अधिक जानकारी के लिए संबंधित विद्युत कार्यालय, अधिकृत वेंडरों अथवा राष्ट्रीय पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत पात्र परिवारों को सब्सिडी के साथ-साथ आसान वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे अधिक से अधिक परिवार सौर ऊर्जा से जुड़ सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *