October 3, 2026

दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण 5 अक्टूबर को दिया जाएगा : सीईओ

जगदलपुर/बस्तर न्यूज

बस्तर जिले के दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 5 से 7 अक्टूबर 2026 तक क्रीड़ा परिसर, धरमपुरा में निःशुल्क दिव्यांग सहायता शिविर का आयोजन किया जाएगा। नक्सल मुक्त बस्तर के बाद जिले में इस प्रकार का यह पहला विशेष महा शिविर आयोजित किया जा रहा है जिसमे बस्तर जिले के ही नहीं, बल्कि कोंडागांव, कांकेर, एवं नारायणपुर जिलों के हितग्राहियो को लाभ मिलेगा ।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना ने कलेक्टोरेट के आस्था कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों को जानकारी देते हुए कहा कि यह शिविर विशेष रूप से उन दिव्यांगजनों के लिए महत्वपूर्ण है, जो नक्सल हिंसा के कारण दिव्यांग हुए हैं। नक्सली हिंसा के दौरान IED विस्फोट सहित विभिन्न घटनाओं में अपने हाथ-पैर गंवाने वाले पीड़ितों को निःशुल्क कृत्रिम अंग उपलब्ध कराकर उन्हें सामान्य जीवन की ओर लौटने में सहायता प्रदान की जाएगी। शिविर के माध्यम से नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। यह शिविर भारतीय जैन संगठन, छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, जयपुर एवं एनएसई फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। शिविर में जिला प्रशासन बस्तर, जिला पंचायत जगदलपुर एवं समाज कल्याण विभाग का विशेष सहयोग रहेगा।

सीईओ ने कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल सहायक उपकरण उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों को अधिक स्वतंत्र, आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक जीवन जीने में सक्षम बनाना है। विशेष रूप से नक्सल हिंसा से प्रभावित लोगों के लिए यह शिविर पुनर्वास के साथ-साथ एक नई शुरुआत का अवसर प्रदान करेगा।

शिविर में दिव्यांगजनों की आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम पैर, कैलिपर्स, बैसाखी, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, वॉकर, श्रवण यंत्र एवं कृत्रिम हाथ-पैर जैसे सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराने के लिए परीक्षण एवं वितरण की व्यवस्था की जाएगी। पहले से सहायक उपकरण उपयोग कर रहे दिव्यांगजनों के उपकरणों की आवश्यक मरम्मत तथा नए पात्र हितग्राहियों को उपकरण उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *