जगदलपुर/बस्तर न्यूज
पंजाब सनातन धर्म सभा एवं महिला सत्संग समिति द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पंजाब भवन में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण भक्ति ज्ञान सप्ताह का रविवार की सुबह पूर्णाहुति के साथ विश्राम हो गया। वही महाभंडारा आयोजित कर भक्तों को महाप्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर पंजाब सनातन सभा ने मेधावी छात्र-छात्राओं और गुणी महिलाओं के साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित किया।

श्रीमद्भागवत महापुराण में कथावाचक आचार्य अमर कृष्ण शुक्ला ने कहा कि भागवत सुनने की नहीं, वरन गुनने के लिए है। कथावाचक ने कहा कि दुनिया में जितनी भी वस्तुएं हैं, सबके निर्माण के पीछे कोई न कोई उद्देश्य है। व्यक्ति सिर्फ सांसारिक भोग के लिए नहीं, अपितु सामाजिक सरोकार और अपने कर्तव्यों को पूर्ण करने के लिए इस धरती पर जन्मा है, इसलिए भागवत अपनी कथाओं के माध्यम से मानव समाज को आध्यात्मिक के साथ वैज्ञानिकता पूर्ण शिक्षा देती आ रही है।
