November 13, 2026

माओवाद की हिंसा से क्षतिग्रस्त छात्रावासों का फिर होगा पुनर्निर्माण, सांसद ने किया भूमिपूजन

दंतेवाड़ा। जिले के दूरस्थ एवं अंतिम छोर के गांवों में शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। माओवाद की हिंसा के चलते वर्ष 2007-08 में ध्वस्त किए गए आश्रम-छात्रावासों का अब पुनर्निर्माण किया जाएगा। इसी कड़ी में बुरगुम, पोटाली, नहाड़ी और समेली में आश्रम-छात्रावास भवनों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन बस्तर सांसद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के करकमलों से किया गया। प्रत्येक आश्रम-छात्रावास 50 सीटर क्षमता का होगा। इन चारों छात्रावासों के निर्माण के लिए प्रति आश्रम 162.76 लाख रुपये की लागत निर्धारित की गई है। इस प्रकार चारों आश्रम-छात्रावासों के निर्माण पर कुल 651.04 लाख रुपये अर्थात लगभग 6 करोड़ 51 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी।

वर्ष 2007-08 में माओवादी हिंसा के कारण इन क्षेत्रों में शैक्षणिक संस्थानों एवं आश्रम-छात्रावासों को भारी नुकसान पहुंचा था। लंबे समय से इन दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को आवासीय शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब इन छात्रावासों के पुनर्निर्माण से स्थानीय बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर आवासीय वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि आज बुरगुम, पोटाली, नहाड़ी और समेली ग्राम पंचायतों में आश्रम-छात्रावासों के पुनर्निर्माण हेतु भूमिपूजन होना क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। वर्ष 2007-08 में माओवादी हिंसा के कारण इन छात्रावासों को ध्वस्त कर दिया गया था। लंबे समय से इन क्षेत्रों के बच्चे बेहतर आवासीय एवं शैक्षणिक सुविधाओं की अपेक्षा कर रहे थे। अब छात्रावासों के पुनर्निर्माण से उन्हें सुरक्षित वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। हमारा संकल्प है कि इन दूरस्थ अंचलों के बच्चे भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ें और आने वाले समय में डॉक्टर, इंजीनियर, प्रशासनिक अधिकारी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर पहुंचकर अपने क्षेत्र, समाज और प्रदेश का नाम रोशन करें।

इस मौके पर विधायक चौतराम अटामी ने कहा कि बुरगुम, पोटाली, नहाड़ी और समेली में आश्रम-छात्रावासों के पुनर्निर्माण से दूरस्थ अंचलों के बच्चों को बेहतर शिक्षा एवं आवासीय सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता अंदरूनी गांवों तक विकास पहुंचाना है। जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने कहा कि आश्रम छात्रावासों का पुनर्निर्माण क्षेत्र के बच्चों के लिए नई उम्मीद लेकर आया है। इससे दूरस्थ गांवों के विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सुरक्षित आवासीय सुविधा मिलेगी।

इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुकालू मुड़ामी, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं प्रशासन की ओर से आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त राजीव नाग, जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर, जनपद पंचायत कुआकोंडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *