November 12, 2026

बाढ़ में फंसे लोगों को वायुसेना के हेलीकॉप्टर से सुरक्षित निकाला गया

जगदलपुर। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से बस्तर संभाग में गत दिनों से जारी लगातार भारी बारिश के चलते बाढ़ के गंभीर हालात बन गए हैं। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और अचानक जलस्तर बढ़ने के कारण डोंगाघाट क्षेत्र में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया, जिससे कई ग्रामीण और छोटे बच्चे छतों पर फंसने को मजबूर हो गए।

हालात की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला। और भारतीय वायु सेना के विशेष एमआई-17 हेलीकॉप्टर की मदद से एक बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। वायुसेना के जांबाजों ने डोंगाघाट में बाढ़ के बीच जिंदगी और मौत से जूझ रहे 18 नागरिकों को सुरक्षित एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

इस पूरे बचाव अभियान की कमान स्वयं बस्तर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने संभाली। दोनों अधिकारियों की प्रत्यक्ष निगरानी और सूझबूझ से यह जटिल रेस्क्यू ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशासन द्वारा वर्तमान में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत सामग्री पहुंचाने और नावों व अन्य माध्यमों से लोगों को सुरक्षित शिविरों तक पहुंचाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *