जगदलपुर। खेलों को प्रोत्साहन देने और युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से डीएवी राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारम्भ इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम परिसर में हुआ। तीन दिवसीय खेल आयोजन का उद्घाटन वन मंत्री केदार कश्यप ने ध्वजारोहण और मशाल प्रज्वलन कर किया।

वन मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में बहुत खेल प्रतिभाएं हैं। विशेषकर बस्तर में अपार खेल प्रतिभाएं हैं। डीएवी इन खेल प्रतिभाओं को तलाशने और तराशने का कार्य कर रही है। उन्होंने बच्चों के भविष्य को बेहतर ढंग से तराशने के लिए डीएवी को बधाई और शुभकामनाएं दी। यहां विजेता खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इस प्रतियोगिता में राज्य भर के 6 कलस्टरों के अंतर्गत आने वाले 73 डीएवी विद्यालयों के कुल 1023 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों सहित 200 क्रीड़ा प्रशिक्षक उत्साहपूर्वक शिरकत कर रहे हैं।
प्रतियोगिता में फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेनिस, टेबल टेनिस, कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, जूडो, कराटे, बॉक्सिंग एवं शतरंज जैसे विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है। उद्घाटन के दिन से ही खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन एवं टीम भावना का अद्भुत परिचय देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।
इस अवसर पर महापौर, नगर निगम सभापति सहित डीएवी के क्षेत्रीय अधिकारी प्रशांत कुमार, सहायक क्षेत्रीय अधिकारी शैलेष कुमार सहित डीएवी के प्राचार्यगण, शिक्षकगण तथा खिलाड़ी और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


