October 23, 2026

पुलिस की कार्यप्रणाली से रूबरू हुए जवाहर नवोदय विद्यालय के विद्यार्थी

नारायणपुर/बस्तर न्यूज

जवाहर नवोदय विद्यालय के विद्यार्थियों ने आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय का शैक्षणिक भ्रमण कर पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को करीब से जाना। इस दौरान विद्यार्थियों ने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, साइबर सेल एवं नक्सल सेल का भ्रमण किया तथा उनके कार्यों और जिम्मेदारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने विद्यार्थियों से मुलाकात कर पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा में पुलिस की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों, उनसे बचाव के उपायों और डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के महत्व से भी अवगत कराया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के कार्यों, साइबर सेल द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जांच तथा नक्सल सेल की जिम्मेदारियों के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों ने उत्सुकता के साथ पुलिस की कार्यप्रणाली को समझा और अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।

पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें कानून के प्रति जागरूक रहने, साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना तथा पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली से परिचित कराना था। भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं रोचक रहा। इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *