जांजगीर-चांपा/बस्तर न्यूज
प्रदेश के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर एक नया आयाम मिला है। 09 अगस्त को पलवल (हरियाणा) में संपन्न हुए नेटबॉल फेडरेशन ऑफ़ इंडिया के बहुप्रतीक्षित चुनावों में जांजगीर-चांपा के सपूत राजेश राठौर को वर्ष 2026 से 2029 के कार्यकाल के लिए संयुक्त सचिव के पद पर निर्विरोध निर्वाचित किया गया है। निर्वाचन भारत के पूर्व उप निर्वाचन आयुक्त व निर्वाचन अधिकारी सुधीर त्रिपाठी एवं भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन के ऑब्जर्वर दिग्विजय सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के मिलने पर जांजगीर-चांपा सहित पूरे छत्तीसगढ़ के खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों में हर्ष की लहर है। नवनिर्वाचित संयुक्त सचिव राजेश राठौर ने नेटबॉल फेडरेशन ऑफ़ इंडिया के नव निर्वाचित अध्यक्ष हरिओम कौशिक, महासचिव अशोक आनंद, कोषाध्यक्ष विजय कैशिक, सुमन कौशिक, मीना केरकेट्टा एवं छत्तीसगढ़ के समस्त प्रदेश के अध्यक्षों एवं सचिवों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश में नेटबॉल खेल और खिलाड़ियों के चहुंमुखी विकास के लिए यह दायित्व पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाया जाएगा।




